एक सफल पेपर प्लेट व्यवसाय कैसे शुरू करें

 

बेरोजगारी देश की बड़ी समस्या है,दिन ब दिन नौकरी के अवसर घट रहे हैं और डिमांड से ज्यादा सप्लाई की वजह से निजी क्षेत्रों में मजदूरी भी स्थिर है ऐसे में स्वरोजगार ही एकमात्र विकल्प है। ऐसा ही एक स्वरोजगार है पेपर प्लेट बनाने का व्यवसाय।

एक लाभदायक पेपर प्लेट व्यवसाय  कैसे शुरू करें?


 पेपर प्लेट व्यवसाय कैसे शुरू करें


 दुनिया प्लास्टिक से बने उत्पादों से भरी हुई है और उपयोग किये गए प्लास्टिक के कचड़े दुनियां के देशों के लिये सरदर्द बने हुए हैं। शोधकर्ता व वैज्ञानिक प्लास्टिक के हानिकारक  प्रभावों को कम करने के लिए हर दिन एक स्थायी विकल्प की तलाश कर रहे हैं।  हम उन सामानों से आगे निकल जाते हैं जो हमें लाभ से अधिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हैं। विकल्प या तो मजबूत धातु से बने समान हैं हैं जिनका उपयोग लंबी अवधि के लिए किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए  रखरखाव की जरूरत होती है, इनकी लागत भी ज्यादा है। कोविड महामारी की वजह से धातु से बने खाने पीने के बर्तनों को उपयोग से लोग परहेज करने लगे हैं। ऐसे में  कमजोर समझे जाने वाले कागज के बने प्लेट कप  प्लास्टिक के बेहतर विकल्प के रूप में सामने आए हैं। कागज से बने प्लेट,कटोरी,नास्ते की प्लेट व चाय ,कॉफी या पानी पीने के लिए पेपर कप हाईजेनिक हैं, इनका एकबार ही उपयोग किया जा सकता है परन्तु ये बायो डिग्रेडेबल हैं।प्लास्टिक के विकल्प के रूप में थर्मोकोल का भी प्रचलन खूब हो रहा है परन्तु वो काफी लचीले होते हैं, उनसे कैंसर जैसी बीमारी का खतरा होता है और प्लास्टिक की तरह ही आसानी से खत्म नहीं होते।अब सरकार भी प्लास्टिक व थर्मोकोल के उपयोग पर सख्त हो रही है तथा अनेक राज्य की सरकारों ने प्लास्टिक व थर्मोकोल से बने प्लेट,कप,ग्लास के निर्माण व बिक्री पर प्रतिबंध लगा रहे हैं।


अब बच्चों की बर्थडे पार्टी हो,विवाह की वर्षगांठ की पार्टी हो,सगाई की रस्म हो या शादी विवाह तथा बड़े भोज सब में कागज से बने प्लेट व ग्लास का प्रचलन बढ़ने लगा है।अब शहर के होटलों व लाइन होटल या फुटपाथ की चाय नास्ते की दुकान में भी डिस्पोजेबल पेपर प्लेट ,कप का उपयोग धड़ल्ले से हो रहा है।अब बात सिर्फ सस्ते होने की नहीं है बल्कि लोगों में स्वास्थ्य व पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी पेपर प्लेट की लोकप्रियता में इजाफा कर रहा है जिसे आगामी वर्षों में बेहतर वृद्धि की संभावना है। स्वरोजगार के रूप में पेपर प्लेट उद्योग की सम्भावनाएं इस वजह से भी ज्यादा है क्योंकि इस क्षेत्र में बड़े खिलाड़ियों के उतरने की संभावना काफी कम है।इस उद्योग में हमेशा असंगठित क्षेत्र का बोलबाला रहने की संभावना है।

  यदि आप भी पेपर प्लेट व्यवसाय में उतरने की सोच रहे हैं तो आपको बधाई। यदि आप पेपर प्लेट व्यवसाय आरम्भ करते हैं तो आप केवल  अपने लिए  रोजी रोटी की व्यवस्था ही नहीं करेंगे बल्कि चार छह लोगों के लिये रोजगार सृजन भी करेंगे। इसके साथ ही प्लाटिक कचड़े को कम करने के एक स्थायी विकल्प प्रदान करके इस दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने में भी योगदान देंगे।

ये भी पढ़ें:छोटे से शुरू करें पर सपने बड़े रखें। 50 व्यवसाय जिसे आप बेहद कम पूंजी में शुरू कर सकते हैं

 आप पेपर प्लेट उद्योग को एक सामाजिक उद्यम की श्रेणी में रख सकते हैं। सामाजिक उद्यम आर्थिक लाभ के साथ महान सामाजिक उद्देश्य के लिये किये जाते हैं।पेपर प्लेट व्यवसाय रोजगार सृजन व पर्यावरण तथा स्वास्थ्य की सुरक्षा जैसे तीन महान उद्देश्यों के लिए बहुत ही उपयोगी है। अब यदि आपने यह निश्चय कर लिया है कि आपको पेपर प्लेट उद्योग शुरू करना है तो इसे पुर्ण व्यवसायिक तरीके से करें। किसी भी व्यावसायिक उद्यम को खोलने के लिए उत्पाद और बाजार की अच्छी समझ की आवश्यकता होती है।  शुरुआत करने से पहले, और इस उद्योग को लाभदायक बनाने के लिये कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नजर डालनी आवश्यक है।

व्यवसाय के लिए योजना


 पहले यह तय कर लें कि आप किस तरह का पेपर प्लेट बिजनेस खोलना चाहते हैं।  क्या आप पेपर प्लेट के निर्माण कर उसे होलसेल विक्रेताओं को बेचेंगे,क्या आप पेपर प्लेट निर्माण व खुदरा बिक्री भी करेंगे? यु ट्यूब में मशीन विक्रेताओं के इंटरव्यू सुनकर यह व्यवसाय आपको बहुत आसान लगेगा पर कोई भी व्यवसाय आसान  नहीं है और इसके पीछे के कौशल की अच्छी जानकारी अत्यंत  आवश्यक है।यह तय करना भी जरूरी है कि आप किस स्तर पर व्यवसाय करना चाहते हैं, आपकी उत्पादन क्षमता कितनी होगी,आपके आसपास इसकी खपत कितनी है, बाजार तक आपकी पहुंच कितनी है।क्या आप इस व्यवसाय को ऑफलाइन करेंगे या ऑनलाइन भी करेंगे ? आपके पास उत्पादन क्षमता के अनुरुप जगह है, बिजली कनेक्शन व आवागमन की अच्छी सुविधा उपलब्ध है इत्यादि आदि!


 सबसे पहले आपके व्यवसाय का आकार क्या होने वाला है, इसकी योजना बनाएं।  विकास तभी होगा जब आप बाजार में कामयाब होंगे।आपको एक लक्ष्य निर्धारित करना होगा कि इस व्यवसाय को आप कितना बड़ा बनाना चाहते हैं। अत्यधिक लागत नहीं होने व इस व्यवसाय के असंगठित होने की वजह से पेपर प्लेट व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा है और इससे निपटने के लिये निवेश और समय की आवश्यकता होगी। हां व्यवसाय है तो जोखिम भी रहेगा इसलिए  बुरे दिनों के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। 


कुछ ध्यान रखने योग्य बातें


 पेपर प्लेट व्यवसाय बहुत कठिन उद्यम नहीं है लेकिन आपको इस बारे में थोड़ा शोध करना होगा कि बाजार कैसे कार्य करता है और इस व्यवसाय में मांग और आपूर्ति क्या है।  पेपर प्लेट व्यवसाय को पानी और कीड़ों से खतरा होता है तो आपके गोदाम को पानी व कीड़ो से बचाने की युक्ति ढूंढ़नी होगी। की आवश्यकता होती है, भले ही वे आपके गोदाम में हों, ताकि आपका कोई भी उत्पाद बर्बाद न हो।  

यदि आप पेपर प्लेट का निर्माण कर रहे हैं तो इस बात को जानना बेहद जरूरी है कि आप अपना उत्पाद बनाने के लिए किस प्रकार के कागज ,फ़िल्म  व गोंद का उपयोग करने जा रहे हैं।  सरकार द्वारा स्थापित सभी सुरक्षा उपायों और नियमों और विनियमों का ध्यान रखें।


 परमिट और लाइसेंस लें


वैसे तो पेपर प्लेट निर्माण इकाई खोलने के लिये ज्यादा झंझट नहीं है पर अपने व्यवसाय का पंजीकरण व जीएसटी नम्बर लेना उचित होगा।बिजली की इंडस्ट्री कनेक्शन के साथ स्थानीय निकाय द्वारा एक  प्रोफेशनल रेजिस्ट्रेशन भी करवा लेना चाहिये। 


 यु ट्यूब की वीडियो से रहें सावधान

यु ट्यूब पर पेपर प्लेट उद्योग से संबंधित सैंकड़ो ज्ञानवर्धक वीडियो मौजूद हैं उनमें से अधिकांश का काम यु ट्यूब पर वीडियो बनाना, सब्सक्राइबर बढ़ाना व व्यूअर बढ़ाना है।उनका पेपर प्लेट बनाने का कोई अनुभव नहीं है।वो आपको चिल्ला चिल्ला कर बताएंगे कि 40 हजार की मशीन लगाओ महीने की 50 हजार या 1 लाख कमाओ।ज्यादातर मशीन विक्रेता या निर्माता आपको मशीन की सही कीमत नहीं बताते बहुत अन्य पार्ट्स की कीमत नहीं बताते। रॉ मेटेरियल के दाम को कम करके और बिक्री की कीमत को ज्यादा बताकर ज्यादा मुनाफे का लालच दे देते हैं।ऐसे यु ट्यूबर और मशीन विक्रेताओं के झांसे में न आएं।


आप खुद एक से ज्यादा मशीन निर्माताओं से कोटेशन लें,मशीन की पूरी जानकारी लें,जिन्हें उन्होंने मशीन बेचा है उनसे मिलकर उनके अनुभव को जानें ।मशीन की कीमत,डाई की कीमत,मोटर किस कम्पनी की है।क्रैंक की क्वालिटी क्या है? इत्यादि पूरी तरह से मालूमात करें,मशीन के साथ आपको कच्चे माल की भी जरूरत पड़ेगी उसकी लागत,मजदूर की उपलब्धता व उसका वेतन इत्यादि जोड़कर पूरी लागत को जोड़कर मुनाफे का हिसाब करें।

इन सबसे ज्यादा जरूरी है मार्किट रिसर्च ,आपके द्वारा तैयार माल आप व्होल सेलर के माध्यम से बेचेंगे,रिटेलर को सीधा बेचेंगे,दोनों को बेचने में मार्जिन का कितना फर्क रहेगा? पेमेंट रिकवरी की ट्रेंड क्या है इतनी जानकारी लेकर यदि आप पेपर प्लेट बनाने का काम शुरू करते हैं तो सफलता निश्चित है।मेरी सलाह है कि यदि आप इस धंधे में नए हैं तो एक सिंगल डाई वाली मशीन से एक से डेढ़ लाख की लागत पर यह व्यवसाय शुरू कर सकते हैं और महीने में दस से बीस हजार कमाई हो सकती है उसके बाद आप डबल डाई की ऑटोमेटिक मशीन लगाकर धंधे का विस्तार करें तो मुनाफा तीन गुणा बढ़ सकता है।

मेरी राय में रिटेलर से सीधे व्यापार करने से बेहतर है वितरक के माध्यम से माल बिक्री करना इसमें मुनाफा थोड़ा कम मिलेगा लेकिन रिस्क भी कम होगा व मार्किट में आपकी साख बढ़ेगी।

दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु है लगातार अपडेट रहना क्योंकि पेपर प्लेट की साइज व डिज़ाइन की डिमांड हर मार्किट के हिसाब से अलग अलग होती है

 कच्चे माल की निरंतर उपलब्धता के लिए भी भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता की खोज जरूरी है ताकि व उच्च गुणवत्ता वाले कच्चे माल की समय से आपूर्ति कर सके।

 

 एक सफल पेपर प्लेट व्यवसाय करने के लिए, आपको पता होना चाहिए कि ग्राहकों को खाली हाथ नहीं जाना चाहिए इसलिए अपने उत्पादों में विविधता बनाये रखें।


मार्केटिंग पर ध्यान दें इसके लिए व्यक्तिगत सम्पर्क व सोशल मीडिया विज्ञापन का सहारा ले सकते हैं।


  पेपर प्लेट व्यवसाय शुरू करने के लिए अच्छी योजना बनाना बहुत जरूरी है।  यदि आप चाहते हैं कि आपका नया व्यवसाय सफल हो, तो उद्यमिता के साथ आने वाले जोखिमों को समझें।  सर्वोत्तम व्यवसाय योजना और उन्नत विपणन के साथ भी व्यवसाय को धरातल पर उतारने में अक्सर कुछ साल लग जाते हैं।  किसी भी व्यवसाय को खोलने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए तैयार रहना चाहिए और बहुत लगन और दृढ़ संकल्प दिखाना चाहिए।  किसी भी व्यवसाय के अच्छे और बुरे दिन होते हैं लेकिन यह मालिक पर निर्भर करता है कि वे ऐसे मौकों से किस प्रकार निपटते हैं। 

आत्मनिर्भर भारत के सपनों को साकार करने के लिए SeliAnt India Telegram Group जॉइन करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ